तिलोई तहसील में प्रदर्शन करतीं कूरा गांव के ग्रामीण ।
अमेठी सिटी। तिलोई तहसील क्षेत्र के कोंची गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को तहसील का घेराव कर प्रदर्शन किया। सभी ने एसडीएम से सार्वजनिक रास्ते में अवैध निर्माण कर आवागमन बाधित करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मोहनगंज थाने के कोंची के ग्रामीणों ने बुधवार को तहसील पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई परिवारों का आवागमन दलित आबादी से हो रहा है। जिस पर गांव के ही कुछ दबंग निर्माण कर आवागमन बाधित कर रहे हैं।
संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरी में बुधवार को यहां आंदोलन करना पड़ा। एसडीएम अमित कुमार सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन देकर गठित टीम को मौके पर रवाना किया। इस मौके पर राजाराम, मनीराम, शिवराम, बंसीलाल, छंगू, राजेश कुमार, छोटेलाल, सुशीला, सुनीता, रामपता, अनीता, सविता, पंकज देवी व मालती आदि शामिल रहीं।