अमेठी मुख्यालय में प्रदर्शन करते ग्रामीण
अमेठी। भादर ब्लॉक के नगरडीह गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को स्थानीय तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ग्राम पंचायत में जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए नाली का निर्माण कराए जाने की मांग की। मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए नगर डीह के ग्रामीणों ने कहा कि गांव में आवागमन के लिए इंटरलॉकिंग लगी हुई है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने की वजह से रास्ते में हमेशा जलभराव रहता है। आवागमन के मुख्य मार्ग में दूषित पानी का जमावड़ा होने से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
खास बात यह है कि जलभराव की समस्या को लेकर हमेशा गांव में विवाद होता रहता है। शिकायत पर कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया तो ग्रामीण प्रदर्शन करने को बाध्य हुए हैं। उप जिलाधिकारी अमेठी को समस्या के निराकरण से संबंधित ज्ञापन भी दिया गया। प्रदर्शन करने वालों में कश्यप मोहल्ला निवासी प्रकाश कुमार, संतोष, अरविंद, फूलचंद, संगीता, आशा, सुनीता, सहरुलनिशा व अन्य कई ग्रामीण शामिल रहे।