अमेठी सिटी। गौरीगंज के एक गांव में शनिवार सुबह विवाहिता को बहला-फुसलाकर ले जा रहे मुस्लिम युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। विवाहिता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवक को हिरासत में ले लिया है।
सुबह करीब आठ बजे विवाहिता गांव के ही सलमान कुरैशी के साथ कहीं जा रही थी। ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने दोनों को रोक लिया और पूछताछ करने लगे। विवाहिता ने कुछ भी बोलने से मना कर दिया और सलमान भी गोलमोल जवाब देने लगा। मामला संदिग्ध लगते ही ग्रामीणों ने विवाहिता के परिवारीजनों को बुलाया। घरवाले दोनों को लेकर कोतवाली पहुंचे। बताया कि विवाहिता की शादी एक वर्ष पूर्व पास के गांव में हुई थी। कुछ समय से वह मायके में रह रही थी, तभी से सलमान कुरैशी उस पर नजर रखे था।
परिजनों का आरोप है कि सलमान उसे प्रेमजाल में फंसाकर ले जाने वाला था। विवाहिता के भाई के मुताबिक, सलमान उसकी बहन को मोबाइल पर लगातार मैसेज भेजकर बहकाने और धमकाने का प्रयास कर रहा था। विरोध करने पर सलमान आत्महत्या कर उसके परिवार को फंसाने की धमकी देता था।
इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। विवाहिता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसका बयान दर्ज किया जा रहा है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।