अमेठी सिटी। चार परिषदीय स्कूलों में मध्याह्न भोजन बनवाने के बाद भी ग्राम प्रधान आवंटित धनराशि का भुगतान नहीं कर रहे थे। पिछले दिनों बीएसए कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम के सामने यह मामला उठा था। इसके बाद डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ ने ग्राम प्रधानों को फटकार लगाई थी।
परिषदीय स्कूलों में प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत पंजीकृत बच्चों को प्रतिदिन मेन्यू के हिसाब से भोजन वितरित किया जाता है। योजना के तहत गेहूं व चावल कोटे की दुकान से दिया जाता है। छात्र संख्या के अनुसार लागत का भुगतान बेसिक शिक्षा विभाग करता है।
इस राशि को स्कूल शिक्षा समिति के अध्यक्ष ग्राम प्रधान व सचिव प्रधानाध्यापक संयुक्त हस्ताक्षर से निकालकर खर्च करते हैं। गौरीगंज के पूरे पल्टी, सिंहपुर के रामपुर व बहादुरपुर के निजाम पाकर तथा बारा खां स्कूल से जुड़े ग्राम प्रधान आवंटित धनराशि प्रधानाध्यापकों को नहीं दे रहे थे। मजबूरी में शिक्षक उधारी के भरोसे बच्चों को खाना खिला रहे थे। पिछले दिनों डीएम निशा अनंत बीएसए कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंची तो मामला उनके संज्ञान में आया।
डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ मनोज त्यागी ने ग्राम प्रधानों को फटकार लगाते हुए भुगतान करने की बात कही। डीपीआरओ की फटकार के बाद ग्राम प्रधानों ने बकाया धनराशि का भुगतान कर दिया। बीएसए संजय कुमार तिवारी ने बताया कि चारों स्कूल में एमडीएम के तहत बकाया राशि का भुगतान हो गया है।