अमेठी सिटी। जगदीशपुर में जेसीबी से अमृत सरोवर खोदाई का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में जेसीबी से एक तालाब की खोदाई की जा रही है। शिकायतकर्ता ने डीएम के नाम से लिखे शिकायती पत्र में ग्राम प्रधान व रोजगार सेवक पर जेसीबी से खोदाई कर गलत तरीके से मनरेगा का पैसा निकालने का आरोप लगाया है। डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कहना है कि मौके पर जेसीबी तो नहीं मिली, लेकिन जेसीबी का निशान दिखा है।
जगदीशपुर के ग्राम डोमाडीह, मोहब्बतपुर निवासी नितेश दुबे ने डीएम को संबोधित शिकायती पत्र लिखा है। वायरल शिकायती पत्र में लिखा है कि गांव में अयोध्या रोड के बगल अमृत सरोवर निर्माणाधीन है। आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे अमृत सरोवर की खोदाई जेसीबी से हो रही थी। वीडियो बनाने पर मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध किया और ग्राम प्रधान, रोजगार सेवक का नाम लेकर कहा कि चकरोड व नाले की खोदाई करते हैं। शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि अमर उजाला ऐसे किसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पूरी जांच के बाद होगी कार्रवाई
जेसीबी से अमृत सरोवर की खोदाई का मामला संज्ञान में आने के बाद मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया, जहां जेसीबी के निशान मिले हैं। इस संबंध में ग्राम प्रधान से बात की गई है। मामले की पूरी जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-प्रवीणा शुक्ला, मनरेगा उपायुक्त, अमेठी।