अमेठी सिटी। विकास भवन में फरियादी से पैर दबवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि समाज कल्याण विभाग के बड़े बाबू किसी वृद्ध फरियादी से अपने पैर दबवा रहे हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद समाज कल्याण अधिकारी ने आरोपी बड़े बाबू से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। सोशल मीडिया पोस्ट पर वायरल वीडियो में एक वृद्ध व्यक्ति खिड़की के पास बैठे बाबू का पैर दबा रहा है। बाबू जहां कुर्सी पर बैठा है तो पैर दबाने वाला वृद्ध जमीन पर मेज के नीचे बैठा है। वृद्ध के पैर दबाने पर आरोपी बाबू कोई प्रतिरोध करते हुए भी नहीं दिख रहे हैं। समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद विभाग के बड़े बाबू गोकुल प्रसाद को इस प्रकरण के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है।
वहीं, एक अन्य वीडियो में पैर दबाने वाले को पारसनाथ नाम का वृद्ध बताया गया है, जो कि पेंशन बंद होने से विभाग में पहुंचा था। पेंशन पाने के लिए बड़े बाबू का पैर दबाना शुरू कर दिया। वीडियो में वृद्ध का कहना है कि पैर उसने स्वेच्छा से दबाया और बाद में उसकी पेंशन भी आ गई। वीडियो वायरल होते ही विभागीय कार्यशैली पर लोग नाराजगी भी जता रहे हैं। फिलहाल आरोपी बाबू को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने अपना पक्ष नहीं रखा।