अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर संचालित वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस बुधवार से 14 सितंबर तक निरस्त रहेगी। बुधवार को ट्रेन से पहले आरक्षित टिकट बुक करवा चुके यात्रियों के साथ ही साधारण टिकट पर यात्रा करने पहुंचे यात्रियों को परेशानी हुई।
वाराणसी-दिल्ली के बीच संचालित काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से जिले के अमेठी, गौरीगंज व जायस रेलवे स्टेशन से बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं। जंघई रेलवे स्टेशन पर नॉन इंंटरलांकिग कार्य को पूरा करने के लिए विभाग की ओर से अप साइड की (दिल्ली) जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को 14 सितंबर तक और डाउन साइड की ट्रेन बृहस्पतिवार से 15 सितंबर तक निरस्त की गई है।
बुधवार को काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से दिल्ली की यात्रा करने पहुंचे बरनाटीकर निवासी संदीप सिंह ने बताया कि एक माह पहले टिकट बुक करवाया था। आज पता चला कि ट्रेन निरस्त है। टिकट निरस्त करवा लौटना पड़ रहा है। निर्भय पाल, सुनील कुमार व प्रमोद वर्मा ने बताया कि स्टेशन पहुंचने पर पता चला कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस निरस्त है।
बुकिंग स्टाफ ने बताया कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त होने से बुधवार को गौरीगंज में 12 आरक्षित टिकट निरस्त हुए हैं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रेन निरस्त होने की सूचना पहले से प्रसारित की जा रही है।