जामों के नैया नाला में डूबे युवक की तलाश करती टीम। स्रोत : स्थानीय
जगदीशपुर/जामों। पारिवारिक कलह से नाराज भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के थोरी गांव निवासी अनिल शर्मा (32) के बृहस्पतिवार दोपहर जगदीशपुर-अमेठी मार्ग स्थित नैय्या नाला पुल से गहरे पानी में कूदने की आशंका है। पुल पर मोबाइल फोन और हवाई चप्पल मिलने के बाद पुलिस ने नाले में तलाश शुरू कराई। स्थानीय गोताखोरों की कई घंटे की कोशिश के बाद भी युवक का पता नहीं चला। देर शाम अयोध्या से एसडीआरएफ की टीम बुलाकर तलाशी अभियान शुरू कराया गया।
परिजनों के अनुसार अनिल बुधवार से घर से लापता था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान नैय्या पुल पर उसका मोबाइल फोन और हवाई चप्पल पड़े होने की जानकारी मिली। सामान मिलने के बाद उसके नाले में कूदने की आशंका जताई गई। स्थानीय लोगों के अनुसार दोपहर में एक युवक को पुल से नाले में कूदते देखा गया था।
लोगों ने शोर मचाते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जामों पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों को नाले में उतारकर तलाश शुरू कराई। पुल के आसपास नाले में काफी दूर तक युवक की तलाश की गई। पानी का बहाव तेज होने से गोताखोरों को अभियान में परेशानी हुई। कई घंटे की तलाश के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर अयोध्या से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई।
टीम ने पहुंचकर नाले में युवक की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका था। थोरी के ग्राम प्रधान नागेश चौबे ने बताया कि अनिल के घर से लापता होने की जानकारी परिजनों ने दी थी। इसके बाद ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए थे। पुल पर मोबाइल फोन और चप्पल मिलने के बाद नाले में कूदने की आशंका हुई। इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि नैय्या पुल पर मिले मोबाइल फोन और चप्पल से युवक की पहचान की गई है। नाले में कूदने के कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में लगी है।