अमेठी में कमरौली के बरसंडा के पट्टी गांव निवासी हनुमान गौतम (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने पर इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विषाक्त पदार्थ सेवन के बाद गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किए गए हनुमान प्रसाद गौतम की देर रात उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हनुमान बैंक मित्र केंद्र का संचालन करते थे और उसी आय से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। उनके निधन से पत्नी गयावती पूरी तरह टूट गई हैं। घर में मौजूद चारों बेटियां महिमा (13), कांति (11), प्रीति (9), ललिता (7) और बेटे गोलू (5) व मोलू (3) का रो-रोकर बुरा हाल है।
हनुमान ही परिवार का इकलौता सहारा थे। उनके जाने से बच्चों के भविष्य पर गहरा संकट खड़ा हो गया है। घर के आंगन में पसरा सन्नाटा और बिलखते बच्चों की आवाजें हर किसी की आंखें नम कर रही हैं।