अमेठी। कादूनाला-थौरी मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ट्रैक के नीचे अंडरपास निर्माण कार्य पूरा हो गया है। शनिवार को मिले ब्लॉक अवधि में क्रेन की मदद से ट्रैक हटाते हुए नीचे मिट्टी खोदाई के साथ अन्य कार्य पूरा किया गया। अंडरपास बनने के बाद रविवार को मुख्यमार्ग से अंडरपास को जोड़ने का काम प्रगति पर है।
रेलवे क्रासिंग संख्या-113 पर लगने वाले जाम की समस्या को समाप्त करने के लिए अंडरपास निर्माण को स्वीकृति मिली थी। कार्यदायी संस्था ने सुरक्षा व संरक्षा के मानकों को पूरा करने के लिए लोहे के गार्डर लगाते हुए संचालन विभाग से ब्लॉक की मांग की थी। ब्लॉक की मांग करने के बाद कार्य को समय से पूरा करने के लिए ट्रैक के दोनों किनारे पर टनल स्थापित करते हुए क्रेन लगाई गई थी। शनिवार को रेलवे की ओर से ब्लॉक मिलने के बाद कार्यदायी संस्था ने अफसरों की मौजूदगी में क्रेन की मदद से रेलवे ट्रैक को हटाने के बाद ट्रैक के नीचे मिट्टी खोदाई के साथ लो हाईट सब-वे (एलएचएस) का निर्माण शुरू किया। ब्लॉक अवधि में रेल ट्रैक के नीचे मिट्टी खोदाई व लो हाईट सब-वे का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए रेल ट्रैक को दोबारा स्थापित किया। निर्माण कार्य के दौरान रेल व सड़क मार्ग पर पूरी तरह प्रभावित रहा। ट्रैक के नीचे अंडरपास से जुड़े कार्य पूरा करने के बाद रविवार को मार्ग को अंडरपास मार्ग से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण के साथ अन्य कार्य शुरू कर दिया।