अमेठी सिटी। गौरीगंज के सैठा मार्ग पर भले ही फ्लाईओवर संचालित हो, लेकिन क्राॅसिंग पार कर जल्द पहुंचने की कोशिश करने से लोग बाज नहीं आ रहे हैं। इसी जल्दबाजी के चक्कर पर सोमवार की रात से लेकर मंगलवार सुबह तक दो बार अलग-अलग वाहनों से रेलवे क्राॅसिंग का बैरियर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस दौरान सुरक्षा व संरक्षा के बीच ट्रेनों का परिचालन हुआ। दो बार रेल फाटक क्षतिग्रस्त होने पर आरपीएफ केस दर्ज कर वाहन चालकों की तलाश कर रही है।
लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर गौरीगंज रेलवे स्टेशन के सैठा मार्ग स्थित रेलवे क्राॅसिंग फाटक सोमवार की रात ट्रेन के आगमन के संकेत पर बंद हो रहा था, तभी बाजार से अठेहा की तरफ जा रहा ई रिक्शा चालक जल्द निकलने के चक्कर में टकरा गया, जिससे रेलवे फाटक क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन सहित फरार हो गया। गेटमैन शिवम श्रीवास्तव ने मामले की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। वैकल्पिक रूप से लगे बूम से फाटक बंदकर सुरक्षा नियमों के बीच ट्रेन क्राॅसिंग से गुजारी गई। इसके बाद रेल कर्मियों ने फाटक सही किया।
वहीं, मंगलवार को सुबह एक बाइक सवार भी जल्दबाजी में क्राॅसिंग पार करने के चक्कर में फाटक को टक्कर मारते हुए निकल गया। फाटक क्षतिग्रस्त होने के बाद गेटमैन भरत कुमार ने सूचना दी। इसके बाद दोबारा पहुंचे रेल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद क्षतिग्रस्त रेल फाटक के बूम की मरम्मत की। दोनों बार फाटक के क्षतिग्रस्त होने पर सुरक्षा व संरक्षा नियमों के बीच ट्रेन क्राॅसिंग से गुजारी गई।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि मामले की सूचना आरपीएफ को दी गई है। आरपीएफ एसओ आलोक मौर्य ने बताया कि रेल फाटक क्षतिग्रस्त करने वाले अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पास लगे सीसीटीवी कैमरे से वाहन व चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।