अमेठी सिटी। गौरीगंज में शनिवार की रात एक स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बाइक सहित खड़े लोक निर्माण विभाग के कर्मी सहित दो लोगों को चपेट में लेते हुए खंभे से जा टकराई। हादसे में चार लोग घायल हो गए, लेकिन चोटिल होने के बाद भी स्कार्पियो सवार लोग वाहन छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एसपी आवास मोड़ के पास शनिवार की रात स्कोर्पियो अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बाइक लेकर खड़े लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ सहायक हरिराम वर्मा व उनके साथी राजेश कुमार को चपेट में लेते हुए ट्रांसफार्मर लगे खंभे से टकरा गई। गनीमत रही कि हादसे के समय बिजली आपूर्ति बंद थी। हादसे में हरिराम व राजेश घायल हो गए।
स्कोर्पियो सवार दो लोग भी घायल हो गए, लेकिन वह वाहन छोड़कर भाग निकले। हरिराम व राजेश को अस्पताल पहुंचाया गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि हरिराम की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।