अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने से शनिवार को जांच कराने पहुंचे मरीजों को परेशानी हुई। सुबह करीब 11 बजे तक 30 मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच हो चुकी थी। इसके बाद अचानक मशीन में तकनीकी खराबी आने से जांच ठप हो गई। तय तारीख पर जांच कराने पहुंचे कई मरीजों को बिना जांच कराए ही लौटना पड़ा।
निर्मला देवी ने बताया कि उन्हें शनिवार को अल्ट्रासाउंड कराने की तारीख मिली थी। निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंचने के बाद मशीन खराब होने की जानकारी मिली। इससे जांच नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि अब दोबारा तारीख लेकर अस्पताल आना पड़ेगा। अंकिता ने बताया कि वह अल्ट्रासाउंड कराने के लिए तय तारीख पर अस्पताल पहुंची थीं। काफी देर इंतजार करने के बाद भी मशीन ठीक नहीं हो सकी। इस कारण जांच नहीं हो सकी।
ऊषा ने बताया कि अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल आने के बावजूद मशीन खराब होने के कारण जांच नहीं हो सकी। उनके साथ पहुंचीं कई अन्य महिलाएं भी बिना जांच कराए लौट गईं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 80 से 90 मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच होती है। ऐसे में मशीन खराब होने से जांच कराने वाले मरीजों को परेशानी हुई।
मशीन में खराबी की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने मरम्मत की कवायद शुरू कर दी। संबंधित कंपनी को सूचना देकर तकनीकी खामी दूर कराने का प्रयास किया जा रहा है। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि अल्ट्रासाउंड मशीन में अचानक खराबी आई है। संबंधित कंपनी को सूचना दी गई है। मरम्मत के बाद सोमवार तक जांच सुविधा शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।