अमेठी सिटी। मुंबई के लिए अमेठी होकर संचालित इकलौती ट्रेन उद्योगनगरी एक्सप्रेस के परिवर्तित मार्ग से संचालित होने से बृहस्पतिवार को यात्रियों को निराश होकर घर लौटना पड़ा। इसके अतिरिक्त काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के विलंब से संचालित होने से प्लेटफार्म पर लोगों को प्रतीक्षा करनी पड़ी।
मुंबई के लिए अमेठी होकर प्रतापगढ़ से लोकमान्य तिलक टर्मिनस मंगलवार व बृहस्पतिवार को संचालित इकलौती ट्रेन उद्योगनगरी एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को कानपुर में गंगा नदी पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य को पूरा करने के लिए जारी ब्लॉक के कारण परिवर्तित मार्ग से संचालित हुई। ट्रेन से आरक्षित टिकट पर यात्रा करने पहुंचे गुवावां गांव के रहने वाले मो. शफीक ने बताया कि स्टेशन पहुंचने पर पता चला कि उद्योगनगरी एक्सप्रेस अमेठी नहीं आएगी।
प्रतापगढ़ या कानपुर से ट्रेन मिलेगी। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि उद्योगनगरी एक्सप्रेस के परिवर्तित मार्ग से संचालित होने का आदेश पूर्व में जारी हुआ था। इसके अतिरिक्त अपरिहार्य कारणों से अन्य ट्रेनों का परिचालन कुछ विलंब से बृहस्पतिवार को हुआ है।