मुंशीगंज। पनियार में मेडिकल स्टोर पर बुधवार शाम दो युवक खुद को ड्रग इंस्पेक्टर बताकर जांच करने पहुंचे। संचालक को शक हुआ तो पुलिस को सूचना दी। दोनों भागने लगे, जिन्हें पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कनकसिंहपुर दूबे का पुरवा निवासी मेडिकल स्टोर संचालक रंजीत यादव ने बताया कि दोनों युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और खुद को ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए दवाओं से संबंधित जानकारी मांगने लगे। इसके बाद उन्होंने दुकान की जांच शुरू कर दी। बातचीत के दौरान उनके सवालों से रंजीत को संदेह हुआ। नाम और पदनाम पूछने पर दोनों स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।
संदेह होने पर रंजीत ने पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान दोनों युवक वहां से भागने लगे। रंजीत ने दौड़ाकर दोनों को पकड़ लिया और मौके पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस दोनों को थाने ले गई। उनके पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों किस उद्देश्य से मेडिकल स्टोर पर पहुंचे थे।
दोनों के भागने और पकड़े जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। मुंशीगंज इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि दोनों संदिग्धों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पहचान और दस्तावेजों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि दोनों ड्रग इंस्पेक्टर थे या फर्जी पहचान बताकर पहुंचे थे।