अमेठी सिटी। अमेठी के देवरहा मजरे हथकिला गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर मंगलवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
अमरनाथ ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी दयाराम, संजय, रंजीत, अजय, राधिका, नयका और वेधिका उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर अमरनाथ, उनके पुत्र विकास कुमार व विवेक कुमार, परिवार की गौरी और संगीता को लाठी-डंडे, लोहे की रॉड से पीटा गया। आरोप है कि आठ माह की गर्भवती बहू गौरी के साथ भी मारपीट की गई और घर में तोड़फोड़ की गई।
दूसरे पक्ष के दयाराम का कहना है कि अमरनाथ और उनके पुत्रों ने जमीन को अपनी बताते हुए उन्हें साफ-सफाई करने से रोका और मारपीट की। इस पक्ष से दयाराम, राहुल और नयका घायल हुए हैं। इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच चल रही है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।