टांडा-बांदा हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त परिवहन निगम की बस। संवाद
अमेठी सिटी। बांदा-टांडा हाईवे पर रविवार सुबह घने कोहरे में कार से भिड़ंत के बाद एक रोडवेज बस सड़क किनारे खड्ड में उतर गई। इस हादसे में बस सवार गौरीगंज के अन्नीबैजल गांव निवासी दवा व्यवसायी दीपक सिंह (35) और कार चालक कौशांबी के देवभिटा बिंदनपुर ककोढ़ा सुरजीत सिंह यादव (38) की मौत हो गई, जबकि बस चालक सहित सात लोग घायल हो गए।
गौरीगंज के गुवावां मोड़ स्थित स्टील फैक्टरी के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे के बीच ओवरटेक करते समय एक कार बस के सामने आ गई। अचानक ब्रेक लगने से बस असंतुलित हो गई और खड्ड में चली गई।
झटके से दवा व्यापारी व कांग्रेस के पूर्व जिला सचिव दीपक सिंह बस का शीशा टूटने के साथ बाहर गिर पड़े, जिससे सर में चोट लगने से वे बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे के बाद कार भी नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। इस दाैरान कार सवार सुरजीत सिंह यादव की मौत हो गई, जबकि नीरज पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए।
बस में सवार गौरीगंज के सरायभागमनी गांव निवासी अर्चना (32) व रेखा (28), मुंशीगंज के सनहा गांव निवासी सुमन यादव (32) और हरैया शाहगढ़ निवासी राजेंद्र व उनके भाई युवराज घायल हो गए। दो अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई। जो निजी अस्पताल में उपचार कराने के बाद दूसरी बस से गंतव्य को रवाना हो गए। चालक और परिचालक घटना के बाद मौके से चले गए।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दीपक सिंह और सुरजीत यादव को मृत घोषित कर दिया। नीरज पांडेय को गंभीर हालत में रायबरेली एम्स रेफर किया गया। इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि घायल के परिजनों को सूचना दी गई है। बस और कार को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।