जगदीशपुर (अमेठी)। फल लाद कर जा रही डीसीएम सोमवार रात सेल फैक्टरी से सरिया लादकर निकले टक से भिड़ गई। दुर्घटना में डीसीएम चालक और खलासी घायल हो गए। दुर्घटना की वजह से हाईवे की एक लेन पर करीब एक घंटे यातायात बाधित रहा।
सुल्तानपुर की तरफ से फल लादकर एक डीसीएम सोमवार रात लखनऊ जा रही थी। डीसीएम कमरौली थाना क्षेत्र में संचालित सेल फैक्टरी के सामने पहुंची ही थी कि फैक्टरी से सरिया लादकर निकला एक ट्रक अचानक सामने आ गया। डीसीएम चालक जब तक अपने वाहन पर नियंत्रण कर पाता तब तक उसका वाहन ट्रक से भिड़ गया।
दुर्घटना में सुल्तानपुर जिले के अखंड नगर थाना क्षेत्र के कुंडा भैरवपुर निवासी डीसीएम चालक नीरज व कहरपुर करावती कला निवासी ईश घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों घायलों को सीएचसी जगदीशपुर में भर्ती कराया।
दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सरिया लदा ट्रक कई मीटर पीछे जाकर सेल फैक्टरी के गेट से भिड़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया। दुर्घटना की वजह से हाईवे के लखनऊ की तरफ जाने वाले लेन पर यातायात एक घंटे बाधित रहा।