तिलोई/ अमेठी। मोहनगंज थाना क्षेत्र के सेमरौता मार्ग पर सांगीपुर गांव के पास गुरुवार को हुए हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, मुसाफिरखाना में जोगी वीरन के पास बुधवार की देर शाम बाइक की रोशनी से चौंधियाने के बाद ई-रिक्शा पलटने से सुल्तानपुर के एक युवक की मौत हो गई। दोनों हादसों चार घायल हो गए।
वहीं, मोहनगंज थाना क्षेत्र के मठिया मजरे कमई निवासी जगदंबा पुरी (45 ) पुत्र सुरेंद्र पुरी अपने बेटे उमाशंकर पुरी (22) के साथ बाइक से बृहस्पतिवार की दोपहर करीब दो बजे सामान खरीदने तिलाेई बाजार आ रहे थे। रास्ते में सेमरौता -तिलोई मार्ग पर सांगीपुर के पास बलभद्रगंज मोड़ पर अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद राहगीरों व पुलिस की मदद से घायलों को सीएचसी तिलोई पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जगदंबा पुरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके बेटे उमाशंकर को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल, रायबरेली रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार ने हेलमेट पहन रखा था।
मोहनगंज थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि घटना अज्ञात वाहन से हुई है। जिसकी जांच पड़ताल की जा रही है। अज्ञात वाहन का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।
वहीं, सुल्तानपुर इलाके के कुड़वार थाना क्षेत्र के बेला पश्चिम गांव निवासी रामकुमार (42) पुत्र फागूलाल लुधियाना से वापस आ रहा था। उसके साथ में मुसाफिरखाना के रूदौली गांव निवासी उसके साले रामकुमार की पत्नी सुशीला व सुशीला की दो बेटियां संजना व दिशा भी थीं। यह लोग ट्रेन से निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। यहां से ई-रिक्शा पर सवार होकर रूदौली जा रहे थे।
बुधवार की देर रात जब यह लोग मुसाफिरखाना में जोगी वीरन के पास नर्सिंग होम के करीब पहुंचे, तभी अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। बाइक की रोशनी से ई-रिक्शा चालक की आंखें चौंधियां गईं, जिससे वह अनियंत्रित हो गया। तेज गति से चल रहा ई-रिक्शा अनियंत्रित होने से उस पर सवार सभी लोग जख्मी हो गए।
घायलों को सीएचसी मुसाफिरखाना ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई, लेकिन रामकुमार जब अपने घर सुल्तानपुर पहुंचा तो वहां उसकी मौत हो गई। मुसाफिरखाना इंस्पेक्टर विनोद सिंह का कहना है कि सड़क दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया गया है। रामकुमार की मौत उसके घर हुई है, जिसको लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई वहां की पुलिस करा रही है।