अमेठी थाने में पकड़े गए एटीएम बदलकर ठगी करने के आरोपी। -संवाद
अमेठी सिटी। एटीएम कार्ड बदलकर ठगी, बाइक चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को अमेठी पुलिस ने सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 19 एटीएम कार्ड, एक लूटी गई बाइक और 2500 रुपये बरामद हुए हैं। दोनों प्रतापगढ़ के लालगंज के निवासी हैं और इनके खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामलों की एफआईआर दर्ज हैं।
इंस्पेक्टर रवि सिंह ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सोमवार रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। इस पर दोनों युवक तेजी से भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान प्रतापगढ़ के लालगंज के टीना दुबान गांव निवासी विशाल कोरी और अगई गांव निवासी शिवा सरोज के रूप में हुई।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने ठगी का पूरा तरीका बताया। वे एटीएम बूथ के बाहर खड़े होकर ग्राहकों पर नजर रखते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति रुपये निकालने आता, वे अंदर जाकर बातचीत में उलझा लेते और उसका पिन देख लेते थे। इसके बाद मौका पाकर उसका एटीएम कार्ड बदल देते और उसे मशीन खराब होने का बहाना बनाकर भेज देते थे।
दोनों ने कुबूल किया कि कुछ दिन पहले सगरा तिराहे के पास एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर चार हजार रुपये निकाले थे। इसके अलावा गौरीगंज में एक बरात से बाइक चोरी की थी, जिसे पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट बदल दी गई थी। बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। अन्य वारदातों में भी उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।