अमेठी। जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर बुधवार शाम मूसलाधार बारिश के दौरान बिजली गिरने से जहां दो लोगों की मौत हो गई वहीं 10 लोग झुलस गए। सूचना पर पहुंचे अफसरों ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है।
जिले में बुधवार सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही थी। अपराह्न तीन बजे के बाद बारिश तेज हो गई। इसी दौरान गौरीगंज कोतवाली के गांव गोसाईं मठिया मजरे बेनीपुर बलदेव निवासी रामराज की पत्नी लक्षना (48) खेत में काम कर रही थी। बारिश से बचने के लिए लक्षना एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गई।
पेड़ के नीचे पहले से बुजुर्ग श्यामकली (62), लक्खा (55), सचिन पुत्र राम सजीवन (12), अंकित पुत्र रज्जन (10), कोमल पुत्री विफराज (11), राज पुत्र सुंदरलाल (9), शशि पुत्री रज्जन (11) व अजय पुत्र फूलचंद्र (7) मौजूद थे। इसी बीच कड़कड़ाकर गिरी बिजली की चपेट में आने से जहां लक्षना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपरोक्त सभी झुलस गए।
दूसरी घटना भी स्थानीय कोतवाली के अफुइया गांव में हुई। यहां बारिश के दौरान बाहर निकली कमलेशा पुती मुनेश्वर (14) भी झुलस गई। बिजली गिरने की ही एक अन्य घटना में मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के गांव पालिया पूरब निवासी वसीम (30) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी अब्बास (29) झुलस गया।
तीनों स्थानों पर सूचना मिलते ही पहुंचे प्रशासनिक अफसरों ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। डीएम अरुण कुमार ने बताया कि सभी 10 घायलों की हालत खतरे से बाहर है। बिजली गिरने से जिन दो लोगों की मौत हुई है उनके परिवारीजनों को दैवीय आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये व घायलों के परिवारीजनों को चोट के हिसाब से अलग-अलग आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी।