शाहगढ़। दो दशक से खड़ंजे की बदहाली झेल रहे छह गांवों के लोगों के लिए राहत की खबर है। शाहगढ़ से तिवारी का पुरवा होते हुए कालू मिश्र का पुरवा संपर्क मार्ग अब पक्का होगा। 1.31 करोड़ रुपये की लागत से 1650 मीटर सड़क का डामरीकरण कराया जाएगा।
सड़क बनने से कालू मिश्र का पुरवा, गौरी का पुरवा, शनिचरापुर, सपहा, घनश्याम की सरैया और कुटिया के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी। बाजार, अस्पताल और ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब दो किलोमीटर कम दूरी तय करनी पड़ेगी।
लंबे समय से सड़क की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। खड़ंजा उखड़ने से जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। बरसात में स्थिति और खराब हो जाती थी। पानी और कीचड़ के बीच दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता था।
स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भी आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती थी। ग्रामीणों ने कई बार संपर्क मार्ग के डामरीकरण की मांग उठाई। अब निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र में खुशी है। विनोद सिंह, पवन कुमार और संजय मौर्य ने बताया कि पक्की सड़क बनने से वर्षों पुरानी समस्या दूर होगी।
आवागमन आसान होने के साथ बाजार और अस्पताल पहुंचने में समय भी बचेगा। सड़क बनने से गांवों में विकास की गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि 1650 मीटर संपर्क मार्ग के डामरीकरण के लिए 1.31 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाएगा।