अमेठी सिटी। ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों के मरम्मत कार्य में अब गति आने की उम्मीद है। जामों क्षेत्र के हरगांव-सूरतगढ़-पूरे छत्ता मार्ग और हरकरनपुर संपर्क मार्ग के नवनिर्माण के लिए शासन से 46 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है।
इन दोनों संपर्क मार्गों के दुरुस्त होने से करीब एक लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्षों से खराब पड़ी इन सड़कों के चलते स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और आम ग्रामीणों को परेशानियां झेलनी पड़ रही थीं। मुख्य मार्गों से जोड़ने वाले ये रास्ते बारिश के मौसम में खतरनाक हो जाते हैं। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने इन सड़कों की स्थिति का सर्वे कर शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसे हरी झंडी मिल चुकी है।
अब कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। निर्माण को दो माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि इस बार मरम्मत कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से होगा। संपर्क मार्ग दुरुस्त होने से ग्रामीणों का आवागमन आसान हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि शासन से बजट जारी हो चुका है। मरम्मत कार्य के लिए निविदा प्रकाशित कर ठेकेदार चयन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। कार्यदायी संस्था को सड़कों की देखरेख की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।