पोस्टमार्टम हाउस में अजय सरोज के परिजन।-संवाद
अमेठी सिटी। गौरीगंज-सैठा मार्ग पर फ्लाईओवर के पास बृहस्पतिवार रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर क्षेत्र के ओलीपुर गांव निवासी अजय सरोज (35) की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार गौरीगंज के मिश्रोली गांव निवासी जयदीप (30) और पीपरपुर के बरतला अमेयमाफी गांव निवासी दद्दन यादव (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत नाजुक देखते हुए एम्स रायबरेली रेफर किया गया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है।
श्रीराम ने बताया कि उनका बेटा अजय सरोज निमंत्रण में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। गौरीगंज-सैठा मार्ग पर फ्लाईओवर के नीचे उसकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ गई। हादसे में तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को जानकारी दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने अजय सरोज को मृत घोषित कर दिया। जयदीप और दद्दन की हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स रायबरेली रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ओवरटेक करने के दौरान दोनों बाइकें आमने-सामने आ गईं। दोनों की रफ्तार अधिक होने से चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सके और भिड़ंत हो गई। अंधेरा होने के कारण बाइक सवारों ने हेलमेट पहना था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। दोनों बाइकों को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अजय सरोज की मौत की खबर मिलने पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं मां कुंता देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पत्नी कंचन भी पति को याद कर बिलखती रही। वह बार-बार पति को पुकार रही थी। यह देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। बेटा शिवांश भी पिता की मौत से गुमसुम रहा। भाई विक्रम, जितेंद्र, करन और किशन के साथ पिता श्रीराम भी सदमे में हैं।