अमेठी सिटी। रेलवे स्टेशन अमेठी पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) के खराब होने से यात्रियों को साधारण टिकट के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। भीड़भाड़ के समय खासकर इंटरसिटी और मेल एक्सप्रेस ट्रेनों के छूटने के समय यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी हो रही है।
रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन 24 जोड़ी ट्रेनों का संचालन होता है। इनमें प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल और वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस प्रमुख हैं। इन ट्रेनों से यहां से बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर तीन एटीवीएम लगाई गई थीं, लेकिन इनमें से दो काफी समय से खराब हैं। मशीनें खराब होने से एकमात्र बुकिंग काउंटर पर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं।
स्टेशन पर मिले यात्री शिवम तिवारी ने कहा कि ट्रेन के समय पर टिकट लेना मुश्किल हो जाता है। मशीनें चालू रहें तो भीड़ कम हो सकती है। वहीं मुसाफिर नसीम अहमद ने बताया कि हर बार लाइन में खड़ा रहना मुश्किल होता है। खासकर बुजुर्गों और महिलाओं के लिए। एक अन्य यात्री मीना त्रिपाठी ने कहा कि टिकट के चक्कर में कई बार ट्रेन छूटने की नौबत आ जाती है। एटीवीएम जल्द ठीक होनी चाहिए। स्टेशन अधीक्षक जेपी शुक्ल ने कहा कि तकनीकी टीम को जानकारी दी गई है। जल्द ही दोनों मशीनें दुरुस्त करा दी जाएंगी।