अमेठी। अढ़ाती की दुकान से 300 क्विंटल धान ट्रक से बहराइच पहुंचाने के लिए निकला ट्रक ड्राइवर अपने साथी के साथ फरार हो गया था। बुधवार को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक समेत 200 क्विंटल धान व एक लाख रुपये भी बरामद किया है। छह दिसंबर 2023 को मुंशीगंज थाने से अढ़ाती की दुकान से चालक ट्रक में बहराइच के लिए 300 क्विंटल धान लेकर निकला था। लोड निकलने के बाद वह गंत्वय तक नहीं पहुंचा। दो दिन ट्रक नहीं पहुंचने के बाद अढ़ाती ने ट्रांसपोर्टर से संपर्क किया। ट्रांसपोर्टर भी ट्रक की लोकेशन खोजने लगा लेकिन कोई पता नहीं चला। जिसके बाद पीड़ित ने थाने में केस दर्ज कराया।
बुधवार को पुलिस ने परतोष तिराहे के पास से ट्रक को चालक अर्जुन प्रसाद वर्मा निवासी ग्राम भैसहा छितौनी थाना डिढई बाजार जिला सिद्धार्थनगर व ट्रक पर बैठे अशफाक अहमद निवासी ग्राम बोरिलवा मजरे इटईरामपुर थाना गैड़ास बुजुर्ग बलरामपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दावा किया कि ट्रक से 200 क्विंटल धान बरामद किया गया है। वह उसे बेचने के लिए रायबरेली ले जा रहे थे। पुलिस पकड़े गए लोगों से अन्य जानकारी जुटा रही है।
यूं तैयार की योजना
एसएचओ अखंड देव मिश्र के मुताबिक चालक अर्जुन प्रसाद वर्मा से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि छह दिसंबर 2023 को ग्राम दरपीपुर के आढ़ती मिश्रा ट्रेडर्स से ट्रक पर धान लोड कर ले गये थे। उसने साथियों के साथ मिलकर गाड़ी का नंबर प्लेट बनवाकर तथा गाड़ी की आरसी को एडिट कराकर योजना बनाई थी।
इसके बाद लगभग 302 क्विंटल धान लोडकर ट्रक लेकर बहराइच के लिए रवाना हुए। रास्ते में उसने साथियों के साथ 102 क्विंटल धान दूसरी गाड़ी में लोड कराकर भेज दिया। शेष धान 200 क्विंटल बारी-बारी से बेचने के लिए बलरामपुर में उतरवा दिया। पहचान से बचने के लिए ट्रक को पेंट करवाया तथा ट्रक का मूल नंबर लगाकर धान लोड करके रायबरेली की तरफ बेचने जा रहे थे। तभी पुलिस ने पकड़ लिया।