अमेठी सिटी। कमरौली थानाक्षेत्र के पलिया और सिंदुरवा गांव में हुई चोरी का बुधवार को पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने चोरी करने वाले युवक और जेवरात खरीदने वाले व्यवसायी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब चार लाख के जेवरात सहित 61 हजार रुपये नकद व मोबाइल व बाइक बरामद की है।
कमरौली थाने के पलिया गांव निवासी दिनेश कुमार के मकान में सात जून की रात तो सिंदुरवा गांव निवासी लईक अहमद के मकान में 20 जून रात चोरी की घटना घटित होने के बाद केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। बुधवार सुबह एसओ अभिनेष कुमार ने कोयलारा रेलेव क्राॅसिंग के पास बाइक सवार युवक को पकड़ा तो उसकी पहचान पूरे दीना पाठक मजरे सिंदुरवा गांव निवासी आतिफ उर्फ अत्तू के रूप में हुई। तलाशी में 61 हजार के साथ महंगा मोबाइल बरामद हुआ।
बाइक से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा तो पुलिस ने पूछताछ शुरू की। पूछताछ में आतिफ उर्फ अत्तू ने गांव के ही लईक अहमद व पलिया निवासी दिनेश के मकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। बाइक करीब एक साल पहले सुल्तानपुर से चोरी करने की बात कही। पुलिस ने जानकारी ली तो बताया कि दोनों मकान में मिले जेवरात बाजार शुकुल थाने महोना स्थित स्वर्ण व्यवसायी राजन कौशल के यहां बेच दिया। उससे मिले पैसे से पुराना मोबाइल फोन खरीदा तथा 61 हजार रुपये बचे हैं।
पूछताछ के बाद पुलिस आतिफ उर्फ अत्तू को लेकर स्वर्ण व्यवसायी की दुकान पर पहुंची। पुलिस ने पूछताछ की तो उसके बताया कि एक बार ढाई लाख रुपये का तो दूसरी बार एक लाख रुपये का जेवरात आतिफ उर्फ अत्तू से खरीदा है।
बताया कि कुछ जेवरात बचे है शेष गलवा दिया है। कब्जे में सोने की एक हार, लाकेट, झाला, मांगबेंदी, अंगूठी, नथिया, झूमर, बाल चोटी (49.13 ग्राम) तथा चांदी की पायजेब, पायल, बिछियां, कड़ा समेत अन्य सामान (549.30 ग्राम) बरामद किया। एसपी अनूप सिंह ने कहा कि चोरी का अनावरण करने में शामिल टीम को 10 हजार रुपये इनाम दिया जाएगा।