गौरीगंज (अमेठी)। लॉकडाउन में लगे प्रतिबंध के बावजूद ट्रैक्टर-ट्रॉली में 282 बोरी सीमेंट लेकर जा रहे दो लोग बुधवार शाम अमेठी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस का दावा है कि बरामद सीमेंट पर एमआरपी मिटा दी गई है। आरोपी इस सीमेंट को ज्यादा दाम पर बेचने के लिए ले जा रहे थे।
लॉकडाउन उल्लंघन की जांच करने निकली अमेठी पुलिस ने बुधवार शाम सीमेंट लादकर जा रहे एक ट्रैक्टर के साथ दो लोगों को पकड़ा। पकड़े गए लोगों की पहचान असुरा मजरे धारूपुर थाना गौरीगंज निवासी जमाल वारिस व वसीम खान के रूप में हुई। पुलिस ने जमाल वारिस व वसीम से पूछताछ की तो वे सीमेंट ले जाने के मामले में कोई समुचित उत्तर नहीं दे सके।
उनके पास कोई वैध पास भी नहीं था। इसके बाद पुलिस ने सीमेंट की बोरियों को देखा तो उस पर एमआरपी नहीं दर्ज थी। सीमेंट की बोरी पर एमआरपी नहीं देख पुलिस को गड़बड़ लगी। शक होने पर पुलिस ट्रैक्टर व पकड़े गए दोनों लोगों को थाने ले आई और धोखाधड़ी का केस दर्ज कर दिया। सीओ पीयूष कांत राय ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।