बाजारशुकुल (अमेठी)। जमीन की पैमाइश कर लौट रहे कानूनगो की पिटाई करने वाले दो आरोपियों को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों का चालान कोर्ट भेजा है।
मुसाफिरखाना तहसील के कानूनगो संतराम बृहस्पतिवार को बाजारशुकुल क्षेत्र के बख्तावर नगर गांव की जमीन की हदबरारी कर लौट रहे थे। रास्ते में तकिया गांव निवासी मशरूर उर्फ बब्बू ने अपने साथियों के साथ डंडों से हमला कर दिया था। पिटाई से उन्हें गंभीर चोटें आई थीं।
शनिवार को तकिया मोड़ के पास तीन लोगों के मौजूद होने की सूचना पर पुलिस ने उनकी घेराबंदी की। इस बीच उनमें एक व्यक्ति भाग निकला, जबकि पुलिस ने मौके से मशरूर अहमद उर्फ बब्बू व मकबूल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मशरूर ने बताया कि एक साल पहले कानूनगो ने मामूली विवाद में उस पर केस दर्ज करवाया था। इसी बात पर वह उनसे रंजिश रखता था। एसओ दयाशंकर मिश्र ने बताया कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।