प्रतापगढ़ जीआरपी थाने में मौजूद इंटरसिटी पर पथराव करने के आरोपी। स्रोत : स्थानीय
अमेठी सिटी। वाराणसी से लखनऊ जा रही इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस पर पथराव कर ट्रेन मैनेजर को घायल करने के मामले में जीआरपी प्रतापगढ़ ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों अमेठी के रायदेपुर गांव के निवासी हैं। पुलिस ने रविवार को प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन के वाराणसी छोर से उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
20 अक्तूबर की रात अमेठी स्टेशन के आउटर पर बिराहिमपुर गांव के पास चलती ट्रेन पर पथराव हुआ था। पत्थर गार्ड केबिन का शीशा तोड़कर ट्रेन मैनेजर हरिकेश कुमार के सिर में लगा था। घायल ट्रेन मैनेजर को अमेठी स्टेशन पर उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया था। सुरक्षा जांच के कारण ट्रेन करीब 12 मिनट स्टेशन पर खड़ी रही थी। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रथम अमित कुमार सिंह और जीआरपी प्रतापगढ़ के प्रभारी निरीक्षक चंचल कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने अनुभव सरोज (19) और गणेश सरोज (20) को पकड़ा। पुलिस के अनुसार दोनों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। मामले में रेलवे अधिनियम की के तहत कार्रवाई की गई है।