जामो (अमेठी)। थानाक्षेत्र से गुजरने वाली गौरीगंज-जगदीशपुर मार्ग पर रामशाहपुर में मंगलवार की देररात ट्रक ने आम लदे पिकअप को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद भागने की कोशिश में ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। पिकअप चालक की मौत हो गई तो साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस केस दर्ज शव का पोस्टमॉर्टम कराते हुए जांच में जुटी है।
इन्हौना थाने के कस्बा निवासी अमन (25) मंगलवार को पिकअप पर आम लाद कर अपने मित्र जावेद (23) के साथ गौरीगंज कस्बा आ रहा था। रास्ते में जामो थानाक्षेत्र से गुजरने वाले गौरीगंज-जगदीशपुर मार्ग पर रामशाहपुर गांव के पास सामने से आ रही ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में पिकअप खड्डा में पलट गई और अमर के साथ जावेद दब गया। दुर्घटना के बाद भागने की कोशिश में ट्रक भी पलट गई, वहीं चालक मौके से निकल भागा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए पिकअप से अमन व जावेद को अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित करते हुए जावेद की हालत नाजुक देख रेफर कर दिया। परिजनों की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम कराते हुए जांच में जुटी है। सुबह पहुंचे ग्रामीण बिखरे आम लूटने की कोशिश में जुटे रहे। एसएचओ विनोद सिंह ने बताया कि परिजन की तहरीर पर केस दर्ज किया है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।