जगदीशपुर (अमेठी)। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर बृहस्पतिवार की भोर में आजमगढ़ से लखनऊ की तरफ जा रही अवध डिपो की रोडवेज जनरथ बस की बगल से आ रही एक ट्रक से टक्कर हो गई। दुर्घटना में बस पर सवार आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी जगदीशपुर में भर्ती कराया गया।
अवध डिपो की बस बृहस्पतिवार को आजमगढ़ से लखनऊ की तरफ जा रही थी। सुबह करीब साढ़े तीन बजे बस लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कमरौली के रोड नंबर दो के पास पहुंची थी कि अचानक बगल से आई एक ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में बस चालक उदवत नगर थाना दरियाबाद बाराबंकी निवासी अमित कुमार भट्ट और परिचालक लखनऊ के कानपुर रोड चिल्लावा आजाद नगर निवासी राजकुमार घायल हो गए।
चालक परिचालक के अलावा आजमगढ़ के रानी सराय थाना क्षेत्र के मुरादाबाद निवासी लालमनि, यही के संजय वा आशीष तथा इसी जिले के कंद्रापुर थाना क्षेत्र स्थित खेरुद्दीनपुर निवासी अब्दुल रहमान, कादीपुर सुल्तानपुर निवासी संदीप, खेखरहुवा जौनपुर निवासी रितिक भी घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रवाना कर दिया। परिचालक राजकुमार ने बताया कि बस में 33 यात्री सवार थे शेष सभी यात्रियों को मामूली चोट आई थी। सभी को दूसरी बस में बैठाकर गंतव्य को भेज दिया गया।
कामरौली थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने बताया की बस चालक की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। सहायक यातायात निरीक्षक सुनील कुमार सिंह व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अमेठी डीके गर्ग ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर दुर्घटना की जानकारी ली।