अमेठी सिटी। करवा चौथ और सप्ताहांत की छुट्टियों के कारण जिले के बाहर कार्यरत लोगों के घर आने की तैयारियों ने ट्रेनों में भीड़ बढ़ा दी है। ऐसे में कन्फर्म टिकट न मिलने से सफर मुश्किल भरा हो गया है। जिले से गुजरने वाली अधिकांश प्रमुख ट्रेनों में सीटें पहले से ही आरक्षित हो चुकी हैं। दिल्ली, मुंबई, पंजाब, उत्तराखंड और गुजरात की दिशा में जाने वाली ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग चल रही है।
गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर बुधवार को आरक्षण काउंटर पर सुबह से ही यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके बावजूद अधिकांश यात्रियों को वेटिंग टिकट से ही संतोष करना पड़ा। काशी विश्वनाथ, पद्मावत, पंजाब मेल, उद्योगनगरी और नीलांचल एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में वेटिंग सूची 75 से 100 तक पहुंच गई है। तत्काल कोटे के टिकट भी कुछ ही सेकंड में खत्म हो गए। एसी कोच के लिए टिकट लेने पहुंचे यात्रियों में से 10 में केवल तीन को ही कन्फर्म टिकट मिला, जबकि स्लीपर श्रेणी में 20 में से आठ यात्रियों को ही सफलता मिल सकी।
बाकी लोगों को वेटिंग सूची मिलने से मायूसी झेलनी पड़ी। चकबंदी विभाग में कार्यरत रामकृपाल ने बताया कि शुक्रवार को करवा चौथ और उसके बाद दो दिन की छुट्टी होने से घर जाने का विचार था, लेकिन कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाने से जाना मुश्किल हो गया है। वहीं, संदीप कुमार ने बताया कि पत्नी मुंबई में नौकरी करती हैं, सोचा था कि त्योहार पर उनके पास जाऊं, पर टिकट नहीं मिल सका।
स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि टिकट की बुकिंग सामान्य रूप से चल रही है। त्योहार का समय होने के कारण ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण ही कन्फर्म टिकट मिलने में कुछ परेशानी उठाना पड़ रही है।