गौरीगंज(अमेठी)। दिव्यांगों के कल्यार्थ संचालित योजना के तहत वित्तीय वर्ष में निशक्तों को ट्राई साइकिल वितरित होगी। शासन से योजना के तहत 11 लाख रुपये मिलने के बाद विभाग चयन की कार्रवाई में जुटा है। विभाग ने निशक्तजनों से आवेदन करने के लिए कहा है। आवेदन के बाद नियमानुसार चयन कर जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वितरण किया जाएगा।
दिव्यांग सशक्तीकरण विभाग की ओर से निशक्तों को कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण वितरण समेत कई योजना से लाभान्वित किया जाता है। जिले में 9026 दिव्यांग पंजीकृत हैं। जरूरतमंद दिव्यांगों को कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण जैसे ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैशाखी, कान की मशीन, स्मार्टकेन, वाकिंग स्टीक वितरण किया जाना है। इसके लिए एक अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। अब तक 30 दिव्यांगजनों ट्राइसाइकिल के लिए आवेदन भी कर चुके हैं।
पिछले वर्ष ट्राईसाइकिल के लिए 80 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिनमें सभी दिव्यांगों को योजना का लाभ दिया गया था। विभाग की ओर से कृत्रिम अंग उपकरण वितरण के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। विभाग ने निशक्तों जनों से आवेदन करने को कहा है। आवेदन के बाद नियमानुसार चयन कर जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में उपकरण का वितरण किया जाएगा।
प्रभारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी आरके शर्मा ने बताया कि निशक्त जनों से आवेदन मांगे गए है। शासन से 11 लाख रुपये का बजट भी मिल गया है। आवेदन मिलने के बाद चयन करते हुए नियमानुसार उपकरण का वितरण किया जाएगा।