अमेठी सिटी। शनिवार से चल रही तेज हवा ने जिले के सभी विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी कर दी है। जगह-जगह हाईटेंशन और एलटी लाइन पर पेड़ गिरने से कई क्षेत्रों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। ट्रिपिंग की समस्या से कई इलाकों में रातभर बत्ती गुल रही। शनिवार दिन से लेकर रविवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
जिले में बारिश का कहीं अता पता नहीं है। तेज हवा ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शनिवार सुबह से हवाएं चल रही हैं। रात में हवाएं तेज हो गई। हवा के झोंको से पीठीपुर उपकेंद्र के कोहरा, कोरारी सहित फीडरों व कई स्थानों पर बिजली लाइनों पर पेड़ गिरने से पूरीरात आपूर्ति बाधित रही।
बेनीपुर के ताला गोसाईगंज मार्ग पर बेनीपुर उपकेंद्र के लोहरता गांव के पास हाईटेंशन तार पर पेड़ गिरने से सड़क पर आवागमन बाधित होने के साथ ही लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ को काट कर हटाया गया। शहरी क्षेत्रों में भी पूरी रात ट्रिपिंग से विद्युत कटौती रही। बिजली नहीं आने से लोगों को पेयजल की समस्या से भी जूझना पड़ा।
जिला मुख्यालय पर लोग पूरी रात कटौती से परेशान रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में तो आपूर्ति ठप होने से जहां लोग उमस भरी गर्मी में परेशान रहे। आटाचक्की, तेल पेराई मशीन, अन्य कारखानों के साथ ही किसानों के धान की सिंचाई बाधित रही। रविवार सुबह से बिजली कर्मी लाइनों की मरम्मत में जुटे रहे। दोपहर बाद तक विद्युत आपूर्ति सभी उपकेंद्रों के फीडरों की नहीं हो पाई थी।
तीन उपकेंद्रों की 30 घंटे बाधित रही आपूर्ति
भादर (अमेठी)। ब्लॉक क्षेत्र के रामगंज, पीपरपुर और घोरहा विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के गांवों में शनिवार सुबह से रविवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति हुई। पीपरपुर उपकेंद्र क्षेत्र में 30 घंटे में सिर्फ एक घंटे, घोरहा विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में दो से तीन घंटे और रामगंज के ज्ञानीपुर फीडर पर 36 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। अभिषेक सिंह ने बताया कि घोरहा पावर हाउस के भादर, घोरहा, गाजीपुर समेत अन्य गांवों में शनिवार सुबह से रविवार दोपहर तक बमुश्किल दो से तीन घंटे विद्युत आपूर्ति की गई। दहियावां के राजेश सिंह, अग्रेसर के राहुल गौतम ने कहा कि चौबीस घंटे में महज 10 से 15 मिनट ही बिजली दी गई। प्रमोद कुमार जायसवाल, सत्यम विश्वकर्मा ने बताया कि रामगंज उपकेंद्र के रामगंज, ज्ञानीपुर, बेलसौना आदि गांवों में भी विद्युत व्यवस्था बेपटरी है।
पैनल बदलने के कारण रही दिक्कतें
जामो (अमेठी)। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र में लगा पैनल खराब हो गया था। शनिवार सुबह से पैनल बदलने का कार्य शुरू हुआ। लेकिन कुछ तकनीकी दिक्कत के कारण रविवार सुबह 11 बजे कार्य पूरा हुआ। तेज हवा के कारण लाइन क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी। लोगों को 24 घंटे से अधिक समय से परेशानियों का सामना करना पड़ा।
तेज हवा के कारण आई दिक्कतें
तेज हवा के कारण पेड़ व पेड़ों की डालें गिरने से कई जगह बिजली आपूर्ति दिक्कत आई है। सुबह से ही कर्मचारी बिजली लाइनों को दुरुस्त कर रहे हैं। जल्द ही बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल होगी।
रोहित सिंह, एक्सईएन, अमेठी