अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़-प्रयागराज रेल ट्रैक पर संचालित प्रयागराज संगम स्पेशल ट्रेन से सफर करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। अभी तक इस ट्रेन से गौरीगंज से प्रयागराज सफर करने के लिए 50 रुपये देने पड़ते थे लेकिन, अब महज 25 रुपये ही खर्च होंगे। लखनऊ के लिए 60 के स्थान पर 30 रुपये, रायबरेली व प्रतापगढ़ के लिए 30 रुपये के स्थान पर सिर्फ 15 रुपये ही किराया देना पड़ेगा। यह व्यवस्था शुरू हो गई है। दरअसल, कोरोना के समय रेलवे ने पैसेंजर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था। एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई गई लेकिन, उसका किराया पैसेंजर की अपेक्षा तीन गुना अधिक था। रेलवे ने लखनऊ-प्रतापगढ़-प्रयागराज रेल ट्रैक पर संचालित प्रयागराज संगम स्पेशल ट्रेन को पैसेंजर की कैटेगरी में शामिल कर दिया है। किराये का पुराना स्लैब लागू होने से न्यूनतम किराया 10 रुपये हो गया है।
खासकर उन ट्रेनों के आगे जिनकी गाड़ी संख्या के आगे जीरो लगा हुआ है। उन्हें पैसेंजर ट्रेन में शामिल कर किराया कम किया गया है। एक्सप्रेस से सफर करने में कोई राहत नहीं मिलेगी। बदली हुई व्यवस्था का फायदा जिले से गुजरने वाली तीन रेल ट्रैक पर संचालित छह ट्रेनों के यात्रियों को मिलेगा।
प्रयागराज संगम स्पेशल ट्रेन से अब लोगों को 10 रुपये में तालाखजुरी से लेकर चिलबिला तो बनी से लेकर रुपामऊ तक यात्रा कर सकेगें। जबकि अब तक इन स्टेशनों के यात्रा के लिए 30 रुपये का टिकट लेना पड़ता था। इसी तरह रायबरेली व प्रतापगढ़ की यात्रा 15 रुपये तो लखनऊ की यात्रा 30 रुपये में गौरीगंज स्टेशन से होगी। गौरीगंज से प्रयागराज संगम के लिए अब सिर्फ 25 रुपये किराया लगेगा जबकि अब तक 50 रुपये का टिकट मिलता था। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने स्पेशल ट्रेन का किराया कम होने की पुष्टि की है।
इनसेट
मेमो ट्रेन का आधा हुआ किराया
भादर (अमेठी)। अयोध्या-प्रतापगढ़-प्रयागराज संगम मेमो से रामगंज व पीपरपुर स्टेशन से प्रतिदिन लोग प्रभु राम की नगरी अयोध्या व प्रयागराज संगम के साथ सुल्तानपुर व प्रतापगढ़ समेत अन्य स्टेशनों की यात्रा करते थे। प्रयागराज,संगम,फाफामऊ का पहले 45 रुपये का टिकट था, जो जब 25 रुपये हो गया है। इसी तरह अयोध्या ,मसौधा की यात्रा 45 रुपये के स्थान पर सिर्फ 20 रुपये में होगी। सुल्तानपुर व प्रतापगढ़ की यात्रा सिर्फ 10 रुपये में होगी। स्टेशन अधीक्षक शिव प्रसाद प्रजापति ने किराए कम होने की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रतिदिन औसतन 40 से 50 यात्री यात्रा मेमो ट्रेन से यात्रा करते हैं।
निहालगढ़-सुल्तानपुर का किराया 15 रुपये
जगदीशपुर(अमेठी)। सुल्तानपुर-उतेरिटया मेमो से निहालगढ़,मुसाफिरखाना सहित जिले के कई स्टेशनों के यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं। निहालगढ़ रेलवे स्टेशन से सुल्तानपुर की यात्रा पहले 35 रुपये में होती थी जो अब सिर्फ 15 रुपये में होगी। उतेरिटया तक के लिए अब तक 45 रुपये का टिकट लेना पड़ता था जो अब सिर्फ 20 रुपये में मिलेगा। बुकिंग लिपिक बृजेंद्र कुमार मीना से किराया कम होने की पुष्टि की है।