जामो विद्युत उपकेंद्र पर ट्रांसफाॅर्मर पर पानी डाल रहे कर्मचारी के वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर
ओवरलोड होने के चलते हो रहा हीट, ठंडा करने के लिए डाल रहे पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी सिटी। भीषण गर्मी में लोग भले ही एक या दो बार नहाते हों, लेकिन जामों विद्युत उपकेंद्र का मुख्य ट्रांसफाॅर्मर दिन में तीन बार ठंडे पानी से नहलाया जा रहा है। इस संबंध में ट्रांसफाॅर्मर को पानी से नहलाने का वीडियो वायरल होने के बाद लोग इस पर चुटकियां ले रहे हैं। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आपूर्ति बाधित होने से रोकने के लिए यह कार्य करना मजबूरी बन गई है।
विद्युत वितरण खंड गौरीगंज का उपकेंद्र जामो का ट्रांसफाॅर्मर ओवरलोड होने से बार-बार गर्म हो जा रहा है। ऐसे में ट्रांसफाॅर्मर को ठंडा करने के लिए कर्मचारी अपनी जान की परवाह किए बगैर बाल्टी में पानी भरकर उसे नहला रहे हैं। तेज धूप व भीषण गर्मी के बीच उसे नहलाने का कार्य दिन में तीन बार करना पड़ रहा है। जिससे लोगों को आपूर्ति मिलती रहे। जामो उपकेंद्र के अवर अभियंता प्रेमचंद सिंह कुशवाहा ने वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए कहा कि उपकेंद्र में लगा मुख्य ट्रांसफाॅर्मर 262 एंपियर क्षमता का है, जबकि ट्यूबवेल व अन्य उपकरण जब चलते हैं तो यह लोड बढ़कर 350 एंपियर तक हो जा रहा है। दो फीडर वाले इस ट्रांसफाॅर्मर में वर्तमान में 11 हजार लोगों के कनेक्शन जुड़े हुए हैं। ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव भी स्वीकृत हो गया है, लेकिन अभी तक क्षमता वृद्धि कार्य पूरा होने तक रोज इसे नहलाया जा रहा है। बताया कि करीब एक माह से रोज इसे नहलाने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारी सावधानी से बाल्टी में पानी भरकर नहला रहे हैं। वहीं ट्रांसफाॅर्मर को नहलाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है।