अमेठी सिटी। किसानों व युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सोमवार को कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इसमें सेना भर्ती कार्यालय के प्रस्तावित स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि इससे अमेठी और आसपास के युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे। जिलाध्यक्ष सुमित तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बताया कि कई योग्य युवा अनियमितताओं के कारण सेना में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। इससे युवाओं का मनोबल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु बनाने, साथ ही स्थानीय स्तर पर भर्ती रैलियों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याएं भी उठाईं। कहा कि गेहूं खरीद में अनियमितताओं से किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया। प्रशासन से निष्पक्ष सर्वेक्षण कर शीघ्र राहत राशि वितरण की मांग की गई। इस दौरान मयंक शुक्ला, ऋषभ कुमार, रजत अग्रहरि, शुब्हान, इमरान और ज्ञानेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।