गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर शनिवार को ट्रेन की प्रतीक्षा करते यात्री। -संवाद
अमेठी सिटी। लखनऊ-रायबरेली रेलमार्ग पर शनिवार को दो अंडरपास के निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लागू रहा। इससे ट्रेनों के रूट डायवर्जन और विलंबित होने के चलते यात्रियों को भारी परेशानी हुई। शनिवार सुबह 9:30 से शाम 5:30 बजे तक हुए ब्लॉक के दौरान छह ट्रेनों को सुल्तानपुर के रास्ते चलाया गया, इससे दो ट्रेनें लेट हुईं।
शनिवार को बनारस-देहरादून जनता मेल, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस, पटना-जम्मू तवी अर्चना एक्सप्रेस और भटिंडा-वाराणसी स्पेशल ट्रेनें डायवर्ट की गईं। आगरा कैंट-कोलकाता एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे विलंब से चलीं जिससे यात्रियों को काफी असुविधा हुई।
गौरीगंज, अमेठी और जायस स्टेशनों पर पहुंचने वाले यात्री प्लेटफार्म पर घंटों इंतजार करते रहे। अमेठी निवासी निशा सिंह ने बताया कि उन्हें नीलांचल एक्सप्रेस पकड़नी थी लेकिन ट्रेन के डायवर्ट होने की जानकारी स्टेशन पहुंचने के बाद मिली। वह टिकट लेकर ट्रेन पकड़ने के लिए सुल्तानपुर चली गईं।
वहीं गौरीगंज के सुजीत यादव का कहना रहा कि उन्होंने जनता एक्सप्रेस में आरक्षण करा रखा था लेकिन ट्रेन रायबरेली से होकर न जाने की वजह से लखनऊ जाना पड़ रहा है। राजेश कुमार इंटरसिटी एक्सप्रेस का इंतजार करते रहे जो साढ़े तीन घंटे लेट रही।
वैकल्पिक मार्ग से संचालित की गईं ट्रेनें
निगोहां-कनकहा और रायबरेली-गंगागंज के बीच रेलवे अंडरपासों के लिए ट्रैक के नीचे बॉक्स डाले जा रहे हैं। यात्री असुविधा से बचें, इसके लिए समय से पहले अनाउंसमेंट कर सूचना दी गई और वैकल्पिक मार्ग से ट्रेनें संचालित की गईं।
-प्रवीण सिंह, स्टेशन अधीक्षक