गौरीगंज रेलवे स्टेशन स्थित बुकिंग काउंटर पर टिकट खरीदते यात्री। -संवाद
अमेठी सिटी। गौरीगंज से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ी है। दिल्ली, मुंबई, पंजाब और बंगलूरू जैसे महानगरों की ओर जाने वाली अधिकतर ट्रेनों की सीटें फुल हो चुकी हैं। यह स्थिति 30 अगस्त तक बनी हुई है। कन्फर्म टिकट न मिलने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी की छुट्टियों में बड़ी संख्या में लोग अपने घर आए थे। अब वापसी शुरू होने से लखनऊ-वाराणसी रेलमार्ग पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन इन ट्रेनों में भी सीटें फुल हो चुकी हैं। पद्मावत एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ, नीलांचल, साकेत एक्सप्रेस, उद्योगनगरी और पंजाब मेल जैसी प्रमुख ट्रेनों में करीब दो माह से कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं।
यात्रियों की परेशानी इतनी बढ़ गई है कि तत्काल कोटे में भी टिकट बुक होते ही लंबी वेटिंग शुरू हो जाती है। कई यात्री मजबूरी में यात्रा टाल रहे हैं, वहीं कुछ वेटिंग टिकट लेकर सफर करने की कोशिश कर रहे हैं। गौरीगंज स्टेशन पर मौजूद यात्री रमेश यादव ने बताया कि पद्मावत एक्सप्रेस का कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है।
हर बार वेटिंग हो जाती है और यात्रा अधर में लटक जाती है। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि परदेसियों की वापसी से बुकिंग का दबाव काफी बढ़ गया है। नियमित व तत्काल कोटे की सीटें भर जाने के बाद भी यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह स्थिति तीन दिन तक कायम रहेगी।