गौरीगंज (अमेठी)। नगरीय निकाय निर्वाचन के साथ मतगणना की तैयारियां जिले में तेज हो गई हैं। सोमवार को पचेहरी स्थित रिसोर्स सेंटर में मतगणना कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान गणना परिणाम करने के साथ गणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां बताई गईं।
पोस्टल बैलेट से मतदान के बाद गणना की तैयारियां तेज हो गई हैं। चारो निकाय में स्ट्रांग रूम व गणना कक्ष चिन्हित करने के साथ कार्मियों की तैनाती की जा चुकी है। तैनात कर्मियों को सोमवार को प्रशिक्षित किया गया। सीडीओ सान्य छाबड़ा ने कार्मिकों को आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुए गणना के दौरान बरती जानी वाली सावधनियां बताईं।
डीडीओ तेजभान सिंह जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में गणना के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराते हुए रंग के आधार पर अध्यक्ष व सदस्य के मतों को अलग अलग करना, वैध व अवैध मतपत्रों की पहचान करने की विधि बताई। निष्पक्ष मतगणना के लिए समस्त कार्मिकों का आह्वान किया व निर्देशित किया कि किसी प्रकार की मतगणना में त्रुटि को गंभीरता से लिया जाएगा, इसलिए प्रशिक्षण कार्य सही तरीके से प्राप्त करने की बात कही।
मास्टर ट्रेनर अजय सिंह ने प्रशिक्षण में टेबुलेशन संबंधित समस्त कार्य को वृहद जानकारी दी। मास्टर ट्रेनरों ने मतपेटी खोलने व मतपत्र लेखा आदि की जानकारी प्रदान की। शील्ड बैलट बॉक्स का परीक्षण कर अभिकर्ता को दिखाने के बाद पोस्टल से पड़े मतों की छंटनी करने की जानकारी दी। अवैध मत घोषित करने से पहले परीक्षण करने तथा अवैध मत के प्रकारों की विस्तार से जानकारी दी।
कहा कि किसी भी मत को अवैध घोषित करने से पहले नियमों का पालन पूरी तरह करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही उम्मीदवार को प्राप्त मत प्रदर्शित करते हुए उसका रिजल्ट सीट तैयार करने की विधि समझाई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी आरओ, एआरओ, मास्टर ट्रेनर संजय प्रकाश, संजय वर्मा व देवेश शर्मा समेत सभी नामित कर्मी मौजूद रहे।