अमेठी सिटी। पीएम विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं ने खराब गुणवत्ता के खाने पर हंगामा किया। प्रशिक्षुओं ने कहा कि शुभारंभ के दिन तो उनके लिए अच्छी व्यवस्था की गई, उसके बाद से उन्हें घटिया खाना दिया जा रहा है। वहीं चाय आदि की भी मौके पर व्यवस्था नहीं की गई है।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में पुश्तैनी कार्य करने वाले लोगों को आवश्यक प्रशिक्षण देकर सम्मानित करने की योजना है। इस योजना के पहले चरण में जिला मुख्यालय गौरीगंज के टांडा-बांदा रोड किनारे मिसरौली में एक ट्रैक्टर एजेंसी के प्रथम तल स्थित छत पर प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। मंगलवार को प्रशिक्षण का चौथा दिन था। प्रशिक्षण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश डिजाइन एवं शोध संस्थान को दी गई है।
खुद को प्रशिक्षण कार्यक्रम का संयोजक कहने वाले नसीर अहमद से मौके पर मौजूद हलवाई, राजमिस्त्री व बढ़ई ने भोजन अव्यवस्था के बारे में पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पवन, संदीप, रमेश कुमार आदि ने बताया कि खाने का कोई मेन्यू निर्धारित नहीं है। आरोप है कि मौके पर सिर्फ दोपहर में पूड़ी, सब्जी व चावल परोसे जा रहे हैं। वहीं चाय घर से पीकर आने के लिए कहा गया है। जबकि यह 10 दिन का आवासीय प्रशिक्षण है।
मौके पर जाकर की जाएगी जांच
पीएम विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में 10 दिवसीय प्रशिक्षण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश डिजाइन व शोध संस्थान को दी गई है। खाने की असुविधा के बारे में शिकायत नहीं मिली थी। मौके पर जाकर व्यवस्था की जांच की जाएगी।
-दिनेश चौरसिया, उपायुक्त, उद्योग विभाग अमेठी