गौरीगंज (अमेठी)। फुरसतगंज स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी का एक विमान डायमंड-40 शनिवार दोपहर मध्य प्रदेश के बालाघाट में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में संस्थान के एक पायलट व एक प्रशिक्षु पायलट की मौत हो गई।
इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी का विमान डायमंड-40 करीब एक सप्ताह पूर्व महाराष्ट्र के गोंदिया स्थित संस्थान की दूसरी शाखा विरसी एयरपोर्ट गया था। विमान लेकर संस्थान के पायलट कैप्टन मोहित ठाकुर (निवासी चंबा, हिमाचल प्रदेश) और प्रशिक्षु पायलट वी माहेश्वरी (निवासी कच्छ गुजरात) गए थे। शनिवार को दोनों सामान्य प्रशिक्षण उड़ान पर थे। उनका विमान दोपहर करीब पौने चार बजे मध्य प्रदेश के बालाघाट पहुंचा था कि अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान दुर्घटना में पायलट व ट्रेनी पायलट दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। संस्थान के मीडिया प्रभारी आरके द्विवेदी ने दुर्घटना की पुष्टि की है।