दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन।
तिलोई (अमेठी)। कोतवाली क्षेत्र जायस के जगदीशपुर रोड पर कस्बे के बाहर शुक्रवार की दोपहर बाद ट्रेलर और डीसीएम की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में डीसीएम का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को दोपहर बाद जायस जगदीशपुर राजमार्ग पर मौलवीकला चौराहे से पहले जगदीशपुर जो रहे ट्रेलर की सामने से आ रहे डीसीएम से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में डीसीएम के परखच्चे उड़ गए। लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
दुर्घटना में डीसीएम चालक जगदीशपुर निवासी शमीम गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने निजी साधन से घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सड़क हादसे के कारण मार्ग पर काफी देर तक जाम लगा रहा। इससे लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। पुलिस ने ट्रेलर गाड़ी को एक किनारे खड़ा कराकर जाम को खुलवाया।