जगदीशपुर स्थित पूरे शोहरत रेलवे क्रॉसिंग पर लगा जाम। -संवाद
जगदीशपुर (अमेठी)। निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर तकनीकी खराबी के कारण लखनऊ-सुल्तानपुर-वाराणसी रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन करीब आधे घंटे तक बाधित रहा। पैनल फेल होने से सिग्नल प्रणाली ठप हो गई और आने-जाने वाली गाड़ियों को आगे बढ़ने का संकेत नहीं मिल सका।
वाराणसी से लखनऊ जाने वाली अप रोजा मालगाड़ी निहालगढ़ स्टेशन पहुंचते समय पूरे शोहरत रेलवे क्रॉसिंग संख्या 129 स्पेशल के पास होम सिग्नल पर खड़ी हो गई। लाइन ठप होने से रेल अधिकारी अनुमति लेकर मैन्युअल पॉइंट बनाकर रेड सिग्नल से गाड़ी पास कराने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान इंजीनियरों ने तकनीकी खराबी को ठीक किया। पैनल रात 8:27 बजे फेल हुआ था, जो रात नौ बजे सही किया गया। इस दौरान ट्रेन करीब 15-20 मिनट तक होम सिग्नल पर रुकी रही।
स्टेशन ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर विकास पासवान ने बताया कि पैनल फेल होने से क्रॉसिंग बंद हो गई। अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर जाम लग गया और राहगीरों को करीब एक घंटे तक परेशानी उठानी पड़ी। क्रॉसिंग खुलने के बाद भी आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।