अमेठी सिटी। नंदमहर धाम पर शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सभा को लेकर प्रशासन ने तैयारी की है। मुसाफिरखाना-गौरीगंज मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा।बृहस्पतिवार को एसपी अनूप कुमार सिंह ने थाना क्षेत्र जामो स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान शांति, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत समुचित पुलिस प्रबंध को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। अपर पुलिस अधीक्षक हरेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। यातायात पुलिस ने वाहनों का रूट डायवर्जन जारी किया है। इसमें गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा।
रूट में ये होंगे बदलाव
- जामो की ओर से कार्यक्रम स्थल की ओर आने वाले भारी वाहन जामो से गौरीगंज की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा।
- गौरीगंज की तरफ से कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले भारी वाहन कस्बा गौरीगंज के मुसाफिरखाना तिराहा से मुंशीगंज की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
- मुशीगंज-मुसाफिरखाना रोड पर पड़ने वाले पनियार चौराहा से भारी वाहनों को मुसाफिरखाना की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- गांधीनगर से दयालापुर तिराहा होकर आने वाले भारी वाहनों को दयालापुर तिराहा (गौरीगंज-जामो) से ही गौरीगंज को डायवर्ट किया जायेगा। दयालापुर तिराहा से नेता रोड पर भारी वाहनों को नहीं भेजा जाएगा।
- कार्यक्रम/जनसभा में आने वाले भारी वाहनों को पार्किंग स्थल तक आने दिया जाएगा।