संग्रामपुर मार्ग पर टिकरिया गांव के पास मालती नदी पर बने नए पुल से आवागमन करते लोग। -संवाद
अमेठी। संग्रामपुर मार्ग पर टिकरिया गांव के पास 1.72 करोड़ रुपये से मालती नदी पर बने नए पुल से बृहस्पतिवार से आवागमन शुरू हो गया है। करीब दो वर्षों के इंतजार के बाद पुल चालू होने से क्षेत्र के 90 पुरवों के लगभग 50 हजार लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब बारिश के दौरान रास्ता बंद होने की आशंका कम हो गई है और लोगों को आठ से 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर भी नहीं लगाना पड़ेगा।
पिछले वर्ष बरसात में मालती नदी का जलस्तर बढ़ने से इस मार्ग पर करीब एक माह तक आवागमन बाधित रहा था। इस बार भी नदी में पानी बढ़ने के साथ ग्रामीणों की चिंता बढ़ रही थी। निर्माणाधीन पुल के पास बना वैकल्पिक मार्ग तेज बहाव में बह जाने के बाद लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई थीं।
पुल का निर्माण पूरा होने पर आवागमन शुरू करा दिया गया, जिससे अमेठी और संग्रामपुर के बीच संपर्क फिर सामान्य हो गया। इस मार्ग से प्रतिदिन छात्र, किसान, व्यापारी, मरीज और मां कालिकन धाम आने वाले श्रद्धालु गुजरते हैं। पुल पर आवागमन शुरू होने से बड़े वाहनों का लंबा चक्कर भी समाप्त हो गया है। लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर अमित पाठक ने बताया कि पुल का निर्माण पूरा हो चुका है। दोनों छोर पर डाली गई मिट्टी बैठने के बाद वहां सीसी सड़क बनाई जाएगी।
अस्पताल व बाजार तक पहुंच आसान
शिव सिंह ने कहा कि अब बरसात में रास्ता बंद होने का डर नहीं रहेगा। शुभम राठौर ने बताया कि छात्रों का समय बचेगा। कमला पांडेय ने अस्पताल और बाजार तक पहुंच आसान होने की बात कही। चंदन गुप्ता ने व्यापारियों के लिए इसे राहत बताया, जबकि धीरज कुमार ने कहा कि मां कालिकन धाम आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिलेगा।