अमेठी। शहर की सफाई, जलनिकासी और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की जिला कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें स्थानीय समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए प्रशासन से वार्ता करने का निर्णय लिया गया। साथ ही संगठन विस्तार पर चर्चा करते हुए 100 से अधिक व्यापारियों को सदस्यता दिलाई गई।
बैठक में व्यापारियों ने रामलीला मैदान स्थित एमआरएफ सेंटर और पावर हाउस के पास कूड़े के ढेर से फैल रही गंदगी पर चिंता जताई। नगर में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बारिश के दौरान होने वाले जलभराव का मुद्दा भी उठाया गया। इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया गया।
जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रयास करता रहेगा। बैठक में 12 अगस्त को तिरंगा यात्रा और नगर भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में सुशील जायसवाल, राहुल लोहिया, सोनू, संदीप, सतीश, कल्पना सिंह, मीनू कश्यप, पवन वैश्य आदि मौजूद रहे।