अमेठी। आलू की प्रतिदिन बढ़ रही कीमतों को देखते हुए शासन के निर्देश के पहले ही जिले के कोल्ड स्टोर आलू से खाली हो चुके हैं। जिले में आलू का उत्पादन कम होने से इस वर्ष तीनों कोल्ड स्टोर में मात्र तीन हजार एमटी ही आलू का भंडारण हुआ था। जिले में आलू उत्पादन होने तक इसकी आपूर्ति पड़ोसी जिलों से होगी।
अमेठी तहसील के दुर्गापुर में मनसा कोल्ड स्टोर व बघवरिया में कामद कोल्ड स्टोर के अलावा तिलोई के बहादुरपुर में गुरुनानक कोल्ड स्टोर का संचालन होता है। जिले में आलू का उत्पादन कम होने से इस वर्ष मनसा कोल्ड स्टोर में 4468.80 एमटी क्षमता के सापेक्ष मात्र 2218 एमटी, कामद कोल्ट स्टोर में 8111.41 एमटी क्षमता के सापेक्ष 1500 एमटी व गुरुनानक कोल्ड स्टोर में 130 एमटी क्षमता के सापेक्ष 130 एमटी आलू का भंडारण हुआ था।
आलू की कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए किसानों ने समय से पहले ही शत-प्रतिशत आलू की निकासी शीतगृहों से कर ली है। आलू की कीमतों पर नियंत्रण के लिए शासन की ओर से जारी निर्देशों के बाद उद्यान निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने जांच की तो सभी शीतगृह आलू से खाली मिले।
प्रमोद ने बताया कि अब आलू उत्पादन तक लोगों को आलू के लिए पड़ोसी जिलों पर निर्भर रहना होगा। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बल्देव प्रसाद ने बताया कि जिले में मांग के अनुसार पड़ोसी जिले से आपूर्ति कराते हुए कीमतों को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।