लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कमरौली के कठौरा गांव के पास हुए हादसे में क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर। स्रोत: स
जगदीशपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कमरौली के कठौरा गांव के पास शनिवार को कट से दूसरी लेन में मुड़ा ट्रैक्टर डीसीएम से भिड़ गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
महुआबोझ निवासी मोहम्मद जाकिर ने बताया कि गांव के मोहम्मद शैब (20) ट्रैक्टर चला रहे थे। उनके साथ उनका बेटा मोहम्मद सारिक (12), आहिल रजा (14) और मोनिस (10) ट्रैक्टर पर सवार थे। सभी धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करने जा रहे थे। गांव से कुछ दूर कठौरा के पास हाईवे पर बने कट से ट्रैक्टर दूसरी लेन में पहुंचा। इसी दौरान सामने से आ रही डीसीएम उससे भिड़ गई।
हादसे में ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चारों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर चालक ने कट पर अचानक वाहन दूसरी लेन में मोड़ दिया था। इसी दौरान डीसीएम पहुंच गई और हादसा हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से चला गया।
एसओ मुकेश पटेल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीसीएम चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।